गन्ना किसानों का सर्वाधिक भुगतान करने का रिकॉर्ड योगी सरकार के नाम


- पिछली सरकार के 5 वर्षों का बकाया 95,215 करोड़ ₹ भी मुख्यमंत्री योगी ने चुकाया


लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले 3 वर्षों में 1,00,325 करोड़ ₹ के गन्ना मूल्य का भुगतान कर देश में एक नया रिकार्ड स्थापित किया है। पिछली कोई भी सरकार ने इतना भुगतान अपने 5 साल के कार्यकाल में भी नहीं किया। यही नहीं मुख्यमंत्री योगी ने पिछली बसपा और सपा सरकारों के पांच साल के बकाया 95,215 करोड़ ₹ भी चुकाया है। गन्ना किसानों का अब तक का सर्वाधिक भुगतान समय पर करने का रिकॉर्ड भी योगी सरकार के नाम है। 


प्रदेश में 48 लाख गन्ना किसान हैं। इनके हितों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर लॉकडाउन के दौरान भी 119 चीनी मिलें प्रदेश में चलती रही। हर मिल से 25,000 से 40,000 गन्ना किसान जुड़े हुए हैं। हर मिल 8,000 से 10,000 लोगों को रोजगार देती है। लॉकडाउन के दौरान इन मिलों के चलते रहने से इनकी आजीविका में कहीं कोई दिक्कत नहीं आई। इसका नतीजा है कि वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश गन्ना उत्पादन और चीनी उत्पादन में देश में पहले स्थान पर है। इसके साथ ही मिल और डिस्टलरीज ने प्रतिदिन 5,00,000 लीटर सैनिटाइजर बनाने की क्षमता प्राप्त कर ली है। आज स्थिति यह है कि कोरोना संकट में उत्तर प्रदेश से 28 अन्य राज्यों और दूसरे देशों को भी सैनिटाइजर की आपूर्ति की जा रही है।