उप्र पुलिस को अत्याधुनिक बनाने के लिये पुलिस मुखिया ओपी सिंह ने बैठक की

लखनऊ। उप्र के पुलिस मुखिया डीजीपी ओपी सिंह ने आज पुलिस मुख्यालय स्थित कमेटी हाल में पुलिस के आधुनिकीकरण के सम्बन्ध में वित्तीय वर्ष 2019-20 में आधुनिकीकरण योजना के अन्तर्गत स्वीकृत उपकरणों के क्रय आदि के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक की। पुलिस आधुनिकीकरण योजनाओं का कार्यान्वयन पुलिस मुख्यालय के लाॅजिस्टिक शाखा द्वारा सम्पन्न किया जाता है।


पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह द्वारा बैठक में समीक्षा के बाद कयी निर्णय लिये गये। लिये गये निर्णयों में अपराधियों की धरपकड हेतु प्रत्येक जनपद में 04 वाॅयस लाॅगर लगभग कुल 300 वाॅयस लाॅगर के साथ महिलाओं की सुरक्षा हेतु एन्टी रोमियो स्क्वायड एवं यातायात नियंत्रण हेतु यातायात पुलिस को 25 हजार बाॅडी वार्न कैमरा क्रय किया जाएगा। वित्तीय वर्ष 2019-20 में आवश्यक उपकरणों के क्रय किये जाने के सम्बन्ध में विचार-विमर्श कर यह निर्णय लिया गया कि आवश्यक उपकरणों बाॅडी वार्न कैमरा, वाइस लाॅगर आदि को शासन के अनुमोदन के बाद वित्तीय वर्ष में अवश्य क्रय कर लिया जाये ताकि समय रहते वित्तीय वर्ष में स्वीकृत उपकरण का क्रय कर उनका उपयोग किया जा सके। पोस्टमार्टम किट के क्रय के सम्बन्ध में भी समीक्षोपरान्त निर्देश दिये गये कि पोस्टमार्टम किट को वित्तीय वर्ष में क्रय कर जनपदों को उपलब्ध करा दिया जाए, जिससे हत्या अथवा दुर्घटना से सम्बन्धित प्रकरणों आदि के मौकों पर डेड बाॅडीज को सुरक्षित करते हुए साक्ष्य संकलन कर मोर्चरी भेजा जाए।

इसके साथ ही विवेचना को और अधिक बेहतर बनाने के लिए प्रत्येक विवेचक को पूर्व में लैपटाॅप उपलब्ध कराये गये हैं। विवेचकों को विवेचना हेतु अतिरिक्त 5000 टैबलेट्स क्रय कर दिये जाने का भी निर्णय लिया गया है, जिससे प्रत्येक विवेचक के पास लैपटाॅप/टैबलेट्स हो सके। सीसीटीएनएस व्यवस्था को और अधिक मजबूती प्रदान करने हेतु 1500 डेक्सटाॅप कम्प्यूटर्स सहवर्ती उपकरणों के क्रय हेतु निर्णय लिया गया। समस्त विभागों द्व़ारा आपसी समन्वय से उपरोक्त कार्यवाही वित्तीय वर्ष में पूर्ण की जाय।

बैठक में पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण, अपर पुलिस महानिदेशक लाॅजिस्टिक, अपर पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण, अपर पुलिस महानिदेशक मुख्यालय, अपर पुलिस महानिदेशक सुरक्षा, अपर पुलिस महानिदेशक रेलवेज, अपर पुलिस महानिदेशक एटीएस, अपर पुलिस महानिदेशक तकनीकी सेवायें/यूपी 112, पुलिस महानिरीक्षक पीएसी मुख्यालय, पुलिस उप महानिरीक्षक रेडियो एवं अन्य पुलिस अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।