महापौर ने किया औचक निरीक्षण, सफाई न होने पर लगाई फटकार
 सड़क निर्माण, पुलिया निर्माण के दिये निर्देश


लखनऊ। महापौर संयुक्ता भाटिया ने जोन 5 में विभिन्न वार्डों की जनशिकायतों का संज्ञान ले स्थलों का औचक निरीक्षण कर उनके निस्तारण हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।

सर्वप्रथम आलमबाग के टेढ़ी पुलिया में लखनऊ व्यापार मंडल के व्यापारी अमरजीत सिंह जी दुकान के बाहर बने नाले पर पत्थर न रखने की शिकायत पर उक्त स्थल का निरीक्षण किया, महापौर के पहुँचने पर स्थानीय निवासियों ने बताया कि विगत कई महीनों से नाले पर पत्थर नही रखा गया है जिससे किसी भी क्षण दुर्घटना का अंदेशा लगा रहता है, जिसपर महापौर ने अवर अभियन्ता आर०बी० सिंह को उक्त स्थल पर नाले के ढक्कन लगवा रखवाने के लिए निर्देशित किया। इसके पश्चात महापौर गुरुनानक नगर वार्ड के प्रेम नगर पहुँची,यहाँ पर स्थानीय निवासियों द्वारा नाली अवरुद्ध कर दी गयी थी, जिससे पानी का निकास नही हो पा रहा था, जिसपर महापौर ने सफाई सुपरवाइजर को फटकार लगाई और तत्काल नाली का अवरोधक को तुड़वा कर सफाई कराने के लिए निर्देशित किया। साथ ही प्रेम नगर में कूड़ा घर बनी सड़क की सफाई करवाने के लिए जोनल अधिकारी एवं सड़क निर्माण सम्बंधित प्रक्रियाओं की पूर्ति के लिए नगर अभियंता को निर्देशित किया।

इसके पश्चात महापौर श्रीमती संयुक्ता भाटिया सीधे चित्रगुप्त नगर स्थित विजय नगर पहुँची जहाँ पर नाली सिल्ट से जाम देखकर अधिकारियों को फटकार लगाई साथ ही तुरंत अपने सामने ही नाली की सफाई भी करवाई, इसके अतिरिक नालियों की नीचे तक सफाई करवाने हेतु जोनल अधिकारियों को निर्देशित भी किया।  चित्रगुप्त नगर वार्ड  के ही मनोज सिन्हा सड़क निर्माण का अनुरोध करने पर महापौर ने उक्त स्थल का निरीक्षण कर नगर अभियन्ता को सड़क निर्माण कराने हेतु आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने हेतु निर्देशित किया।

साथ ही महापौर श्रीमती संयुक्ता भाटिया केसरी खेड़ा वार्ड के सूर्यनगर में टूटी पुलिया को देखकर नारजगी जताई साथ ही उन्होंने उसे बनवाने के लिए अवर अभियंता आर० बी० सिंह को निर्देशित भी किया । इसके अलावा पुष्पा मौर्या के अनुरोध पर सूर्य नगर में सड़क निर्माण के लिए अवर अभियंता को पत्रवलियाँ पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया।


स्थानीय लोगो ने लोक मंगल दिवस के माध्यम से सड़क निर्माण पर महापौर को दिया धन्यवाद
गुरुनानक नगर वार्ड स्थित ओम प्रिया बर्तन स्टोर के समीप निवासी अजय यादव एवं स्थानीय निवासियों ने महापौर को क्षेत्र की सड़क व नाली निर्माण कराने के लिए धन्यवाद दिया। उक्त निवासियों ने लोक मंगल दिवस पर सड़क व नाली निर्माण कराने का अनुरोध महापौर संयुक्ता भाटिया से किया था। 

 

इस दौरान महापौर संयुक्ता भाटिया संग जोनल अधिकारी सुभाष त्रिपाठी, अवर अभियन्ता आर०बी० सिंह, रावत, सनी विश्वकर्मा सहित जोनल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।