उप्र के लिए 6 लाख मी. टन अलग से यूरिया माँगा : शाही
लखनऊ, 12 नवम्बर। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने विगत दिवस दिल्ली में केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक राज्यमंत्री मनसुख मांडविया से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने केंद्रीय राज्यमंत्री को प्रदेश में खाद्यान्न उत्पादन एवं कृषि की वर्तमान स्थिति के बारे में अवगत कराया।

श्री शाही ने केंद्रीय राज्यमंत्री से वर्तमान रबी सत्र में उत्तर प्रदेश को 6 लाख मै. टन अतिरिक्त यूरिया उर्वरक उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। जिस पर श्री मांडविया ने आश्वासन दिया कि उत्तर प्रदेश के किसानों को आवश्यकतानुसार और समय पर यूरिया उपलब्ध हो इसका पूरा प्रयास किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश में टिकाऊ कृषि उत्पादन रणनीति पर भी सार्थक चर्चा हुई।

श्री शाही ने इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री को भारत सरकार द्वारा प्रदेश में किसानों के हितार्थ चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की अद्यतन स्थिति के बारे में भी अवगत कराया। उन्होंने वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी किये जाने हेतु प्रदेश सरकार द्वारा की गई अभिनव पहल ''वैज्ञानिकों की बात.किसानों के साथ'' की सफलता के बारे में भी श्री मांडविया को अवगत कराया। इस पर श्री मांडविया ने किसानों के हितार्थ उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की।