कांग्रेस विधायक अदिति की शादी विधायक अंगद के संग !

लखनऊ, 16 नवम्बर। राजनैतिक गलियारों में चल रही चर्चा और सोशलमीडिया पर हो रहे वायरल के अनुसार रायबरेली से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। अदिति सिंह का रिश्ता पंजाब के कांग्रेस विधायक अंगद सिंह के साथ तय हुआ है। नई दिल्ली में 21 नवंबर को शादी होगी और दो दिन बाद 23 नवंबर को रिसेप्शन रखा गया है।


सोशलमीडिया में वायरल हुई जानकारी के अनुसार समारोह के लिए आमंत्रितों को शादी के कार्ड बांटे जा रहे हैं। बता दें कि अंगद और अदिति 2017 में विधायक बने और दोंनो राजनीतिक परिवारों से आते हैं। अगंद सिंह ने शादी की बात को स्वीकार किया है।


अंगद सिंह ने 2017 में राजनीति में कदम रखा और शहीद भगत सिंह नगर से विधानसभा चुनाव जीते। विधायक अंगद सिंह स्वर्गीय दिलबाग सिंह के परिवार से आते हैं। दिलबाग सिंह नवांशहर सीट से छह बार विधायक रह चुके थे।


वहीं, अदिति सिंह उत्तर प्रदेश में सबसे युवा विधायकों में से एक हैं, उन्होंने 2017 में 90,000 से अधिक वोटों के साथ रायबरेली सदर सीट जीती थी। उनके पिता स्वर्गीय अखिलेश कुमार सिंह ने पांच बार रायबरेली सीट से चुनाव जीत चुके हैं।