जनता की समस्याओं का त्वरित गति से निदान करायें अधिकारी : केशव मौर्य
लखनऊ, 18 नवम्बर। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज सुबह प्रयागराज मे और उसके बाद लखनऊ स्थित 7-कालीदास मार्ग अपने कैम्प कार्यालय पर प्रदेश के दूरदराज जिलों से आए विभिन्न लोगो की समस्याओं को उनसे सीधे संवाद करते हुये गम्भीरता पूर्वक उनकी समस्याओं को सुना, तत्पश्चात संबंधित अधिकारियों को समस्याओं को निर्धारित समय सीमा के अन्दर निस्तारण के निर्देश दिए और कहा कि समस्याओं का निराकरण त्वरित गति से किया जाए। उन्होने जोर देते हुये कहा कि निस्तारण  गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए ताकि किसी फरियादी को दुबारा उस समस्या के निदान हेतु परेशान न होना पड़े।

श्री मौर्य ने कहा कि जन समस्याओं का त्वरित निस्तारण कराना सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। कहा कि अधिकारी शासन की मन्शा को समझे और सरकार की प्राथमिकताओ व जन आकांक्षाओ के अनुरूप अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें। जन समस्याओं के निराकरण मे किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता किसी भी दशा मे क्षम्य नहीं होगी।

उन्होने जनता दर्शन मे समस्यायें लेकर आये कई लोगो की समस्याओं के निदान हेतु सम्बन्धित जिलाधिकारियों से वार्ता भी की। जनता दर्शन में आवास आवंटन, चिकित्सा  सुविधा, भूमि विवाद, आदि से सम्बन्धित विभिन्न मामले आये। जनता दर्शन मे पीलीभीत, गोरखपुर, बुलन्दशहर, बस्ती, प्रतापगढ़, गाजीपुर, चन्दौली, रायबरेली, जौनपुर, कन्नौज, इटावा, मैनपुरी, हाथरस, शाहजहांपुर आदि जिलों के लोग अपनी समस्याएं लेकर आये।