देश कांग्रेस से जानना चाहता है कि ऐसा कौन सा कार्य व स्थान है जहां उनके नेता चोरी-छुपे जाते हैं : मनीष शुक्ला

- देश कांग्रेस से जानना चाहता है कि ऐसा कौन सा कार्य व स्थान है जहां उनके नेता चोरी-छुपे जाते हैं : मनीष शुक्ला

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने एसपीजी सुरक्षा के द्वारा कवर कांग्रेस अध्यक्ष सांसद श्रीमती सोनिया गांधी, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद राहुल गांधी व कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव (उत्तर प्रदेश प्रभारी) श्रीमती प्रियंका वाड्रा द्वारा सुरक्षा मानकों का सैकड़ो बार उल्लंघन पर आश्चर्य व्यक्त किया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस देश को बताये कि ऐसा कौन सा गुप्त कार्य या स्थान है जहां ये लोग चोरी-छिपे जाते है। जनता यह भी जानना चाहती है 2728 बार इन लोगों ने बिना एजेंसी को बताये देश-विदेश की यात्राएं की उस दौरान सुरक्षा में चूक होती तो कौन जिम्मेदार होता ?
श्री शुक्ला ने बताया कि 2015 से अभी तक कांग्रेस अध्यक्ष 65 बार देश में व 29 बार विदेश की, राहुल गांधी 1892 बार देश में व 247 बार विदेश की और श्रीमती प्रियंका वाड्रा 403 बार देश में व 94 बार विदेश की बिना सुरक्षा ऐजेंसी को बताये और सुरक्षा के बगैर यात्रा की।
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि एक तरफ सुरक्षा मानको का लगातार उल्लघंन किया जाता रहा दूसरी तरफ सुरक्षा बदले जाने पर कांग्रेस घड़ियाली आंसू बहा रही है। कांग्रेस देश को ऐसा दिखाना चाहती जैसे सुरक्षा बदली नहीं बल्कि हटा ली गई है। ये आकड़े केवल 2015 से 2019 तक के है उसके पूर्व जब केन्द्र में कांग्रेस की सरकार थी तो न जाने कितनी मनमानी की गई होगी ?