भाजपा ने राहुल गांधी के विरूद्ध प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया

लखनऊ, 16 नवम्बर। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी और उसके तत्कालीन अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा राफेल सौदे पर फैलाये गए झूठ और मनगढंत और मर्यादाहीन बयानों को लेकर आज राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करते हुए राहुल गांधी व कांग्रेस से सार्वजनिक माफी की मांग की।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि राफेल मामले में कांग्रेस पार्टी के तत्कालीन अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव से पहले लगातार झूठ बोलकर देश की जनता को गुमराह करने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता लगातार सार्वजनिक मंचों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करते रहे। सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के बाद कांग्रेस के नेताओं का झूठ उजागर हुआ है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को देश की जनता को गुमराह करने के लिए माफी मांगनी चाहिए।
भाजपा प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने प्रदेश में हुए धरना प्रदर्शन की जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा के सांसद, विधायक, पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के सभी जिलों में प्रदर्शन किया और राहुल गांधी व कांग्रेस पार्टी द्वारा फैलाये गए झूठ फरेब के लिए उनसे माफी की मांग की। विरोध प्रदर्शन करते हुए भाजपा ने जिला मुख्यालयों पर राफेल खरीद मामले में जनता के सामने सच को पहुंचाने का काम किया और आमजन तक सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय को पहुंचाते हुए जनता के सामने तथ्य रखे कि राफेल मामले पर पुनर्विचार संबधी दायर याचिकाओं को खारिज करते हुए माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने अपने निर्णय में इस मामले पर जांच की मांग को गैर जरूरी तथा बेवजह बताया है। देश की रक्षा से जुड़े इस अहम मसले पर कांग्रेस के तत्कालीन अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव से पहले लगातार झूठ बोलकर देश की जनता को गुमराह करने की कोशिश की है। सर्वाेच्च न्यायालय के निर्णय के बाद राफेल मामले पर एक बार फिर सत्य सामने आ चुका है और पूरी खरीद प्रक्रिया पारदर्शी व शुचिता पूर्ण सिद्ध हुई है। ऐसे में कांग्रेस के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी को देश को गुमराह करने तथा मर्यादाहीन राजनीति करने के लिए सार्वजानिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए।