नगर निगम किराये की समस्या, फ्री होल्ड/रिफ्यूजी की नोटिसों की निरस्ती पर चर्चा
- व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता से दूर करने का हर संभव प्रयास करें अधिकारी : मनीष कुमार गुप्ता

 

लखनऊ, 29 अगस्त। योगी सरकार के उत्तर प्रदेश व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष मनीश कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में आज जवाहर भवन स्थित सभागार में व्यापरियों की समस्याओं को दूर करने व प्रदेश की राजस्व में वृद्धि हेतु विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक बैठक आयोजित की गयी। बैठक के उपरान्त प्रेसवार्ता भी आयोजित की गयी।

इस अवसर पर श्री गुप्ता ने बताया कि प्रदेश सरकार छोटे उद्यमियों को उद्योग लगाने के लिए 50 प्रतिशत व कोल्ड स्टोरेज स्थापित करने हेतु 70 प्रतिशत का अनुदान दे रही है। उन्होंने प्लास्टिक के उत्पादन विपणन के रोक पर भी चर्चा की। उन्होंने एलडीए के अधिकारियों को आनलाइन नक्शा, नजूल की जमीन को फ्री होल्ड करना व निबन्धन की आनलाइन व्यवस्था किये जाने पर चर्चा की। उन्होंने श्रम विभाग के साथ श्रम की पालिसी नीति, कैंप लगाने के सुझाव दिये। उन्होंने नगर निगम के साथ किराये की समस्या, फ्री होल्ड/रिफ्यूजी की नोटिसों को निरस्त किया जाने पर चर्चा की।

श्री गुप्ता ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों से कहा कि सभी विभागों के अधिकारी समन्वय स्थापित कर व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता से दूर करने का हर संभव प्रयास करें। उन्होंने प्रदेश सरकार की राजस्व में वृद्धि करने तथा राजस्व हानियों को रोकने पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर उप्र व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य विश्वनाथ अग्रवाल, सुनील गुप्ता, दिनेश सेठी, पवन कुमार अरोड़ा, महेश पुरी, हर्षपाल कपूर एवं जवाहर लाल कसौधन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।