भाजपा के पूर्वजों का इतिहास गौरवशाली रहा है : स्वतंत्र देव सिंह

भाजपा के पूर्वजों का इतिहास गौरवशाली रहा है : स्वतंत्र देव सिंह


लखनऊ, 31 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने संगठन पर्व के अन्तर्गत झलकारी बाई सभागार हमीरपुर में संगठनात्मक चुनाव के लिए आयोजित कार्यशाला में जिला चुनाव अधिकारी, जिलाध्यक्ष, मण्डल चुनाव अधिकारी, मण्डल अध्यक्षों के साथ उपस्थित कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी वंशवाद, जातिवाद, क्षेत्रवाद, गुटबाजी से ऊपर उठकर राष्ट्रवाद से प्रेरणा लेकर पार्टी का निर्माण करती है। हमारी पार्टी के पूर्वजों का इतिहास गौरवशाली रहा है। हमारे आदर्श श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने एक निशान एक विधान, एक प्रधान की मांग करते-करते कश्मीर के लिए बलिदान दिया। प. दीनदयाल उपाध्याय जी नेे एकात्म मानव दर्शन और अन्त्योदय का संदेश दिया। देश के गौरव पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी गरीबों का कल्याण करते-करते हमें छोड़कर चले गए। हमारा ऐसा गौरवशाली इतिहास रहा है। हमारे पूर्वजों के आचरण को ध्यान में रखते हुए हर कार्यकर्ता को तपस्या करनी है। भारतीय जनता पार्टी, भारत माता के लिए पूरा जीवन समर्पित करने वाले महापुरूषों की पार्टी है। तपस्या और कर्म कभी व्यर्थ नहीं जाता है पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में जो सम्मान हम प्राप्त करते है। वह कोई छोटी बात नहीं है। लाखों कार्यकर्ता ने इमरजेंसी में नाखूनों को उखाडवा दिया। कभी पार्षद बनने की अभिलाषा भी नहीं रही। हमेशा एक ही विचार करें राष्ट्रवाद को अपना मूलमंत्र मानते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी आहूति दें।
भाजपा का कार्यकर्ता ईमानदार होता है। ऐसे कार्यकर्ता किसी अन्य दल के पास नहीं है और इसी के चलते भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा शोषित, दलित और वंचित का सम्मान करते हुए उन्हें मुख्यधारा में जोड़ने के लिए हर संभव प्रयास में लगी हुई है। देश के गृहमंत्री ने चुटकियों में धारा 370 को हटाकर 70 साल से दंश झेल रहे कश्मीरियों को स्वतंत्र जीवन जीने का अधिकार दिया है। कश्मीर में धारा 370 लगाने का विरोध डॉ भीमराव अंबेडकर साहब ने भी किया था।
हमारी पार्टी के पूर्वजों का इतिहास गौरवशाली रहा है। देश के सम्मान के लिए प्रधानमंत्री ने दुबई में मंदिर बनवाने का काम किया है। देश के वैभव को बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री जी दुनिया का भ्रमण करते हैं। देश का सम्मान पूरी दुनिया में लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा शोषित, दलित, वंचित समाज के सम्मान के लिए निरंतर प्रयासरत है और उनके लिए कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर लोगों को मुख्यधारा में जोड़ने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार का उद्देश सभी के लिए आवास, 24 घंटे बिजली, शौचालय सहित जो मूलभूत सुविधाएं हैं देने का काम किया जाएगा। उन्होंने संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए सेक्टर संयोजकयों व प्रभारियों की संगठन की समीक्षा की और उपचुनाव को देखते हुए प्रत्येक पंचायत पर 11-11 कार्यकर्ताओं की नई कमेटी बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया, राज्यमंत्री रणवेन्द्र सिंह उर्फ धुन्नी सिंह, बाबू राम निषाद, क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह, जिलाध्यक्ष संतविलाष शिवहरे, सांसद पुष्पेन्द्र सिंह चंदेल, विधायक डाॅ. अरूण पाठक, विधायक मनीषा अनुरागी, जिलापंचायत अध्यक्ष जंयती राजपूत, प्रांशुदत्त द्विवेदी, रामकिशोर साहू, सुनील पाठक, आशारानी कबीर, एवं जगदीश सिंह चैहान आदि उपस्थित रहे।