ठंड से बचाव के लिए योगी सरकार द्वारा उठाए गए कदम

 


42 ज़िलों में 9 करोड़ 65 लाख रुपये का अतिरिक्त पैसा कम्बल ख़रीद के लिए जारी


लखनऊ, टीटी न्यूज।उत्तर प्रदेश में ठंड को देखते हुए  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 42 ज़िलों में 9 करोड़ 65 लाख रुपये का अतिरिक्त पैसा कम्बल ख़रीद के लिए जारी किया गया है। जबकि इससे पूर्व 33 जनपदों को पैसा दिया जा चुका था। इसमें प्रति तहसील 50 लाख की दर से धन का आवंटन किया गया है।


• रैन बसेरों की व्यवस्था का निरीक्षण खुद सीएम योगी आदित्यनाथ कर रहे हैं। पहले सीएम योगी ने लखनऊ में रैन बसेरों का निरीक्षण किया और जरूरी निर्देश दिए। इसके बाद सीएम ने वाराणसी में रैन बसेरे में रह रहे लोगों को कम्बल भी वितरित किए और वहां रह रहे लोगों से उनकी कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने रैन बसेरे की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।


• सरकार ने फैसला लिया है कि इसके बावजूद भी अगर किसी भी जनपद में कंबल खरीदने के लिए और धन चाहिए तो उसे भी जारी किया जाएगा। इसमें पहले जारी धन में से 80 फीसदी रकम खर्च करने के बाद पैसा जारी होगा।


• मुख्यमंत्री योगी ने सख्त निर्देश दिया है कि शीतलहरी में सभी पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ आवश्यक रूप से पहुंचाया जाए। कहीं से यह शिकायत न प्राप्त हो कि कंबल, अलाव और आवश्यक दवाओं, शेल्टर होम के अभाव में किसी व्यक्ति की मृत्यु हुई है या बीमार हो गया है।


• जनपदों में जगह-जगह पर कंबल वितरण के बड़े आयोजन किए जाएं, रात्रि में अधिकारियों द्वारा स्वयं निरीक्षण करते हुए कंबल बांटे जाएं। ज्यादा से ज्यादा जगहों पर अलाव जलाए जाएं। रैन बसेरे में सभी तरह की सुविधाएं मुहैया करवाई जाए।


• सरकार ने नवंबर में ही 19 करोड़ 25 लाख रुपयों का आवंटन कम्बल ख़रीद और अलाव जलाने के लिए किया था। इसमें 350 तहसीलों के लिए 17.50 करोड़ रुपए कंबल खरीद और 1.75 करोड़ रुपए अलाव जलाने के लिए जारी किए गए थे। 


• पूरे प्रदेश में कुल 2 लाख 89 हज़ार कम्बल वितरित किये गए हैं। इसके अलावा ठंड से बचाव के लिए प्रदेश भर में 12 हज़ार स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है, वहीं 700 रैन बसेरे बनाये गए हैं।