सरकारी बसों को और अधिक जन उपयोगी बनाएंगे अधिकारी
- सरकारी बसों को और अधिक जन उपयोगी बनाएंगे अधिकारी

- परिवहन निगम की सेवाओं को जनोपयोगी और जन सुलभ बनाने हेतु निगम कृतसंकल्प

 

लखनऊ, 30 सितम्बर। उत्तर प्रदेश यूपीएसआरटीसी की सेवाओं को अधिकाधिक जन उपयोगी और जन सुलभ बनाने के लिए कृतसंकल्प है। परिवहन निगम द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से जनता से सीधा संवाद स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है ताकि परिवहन सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सके। परिवहन निगम की बसों को समय सारणी के अनुसार संचालित करने की भी व्यवस्था की गई है।

  परिवहन निगम से मिली जानकारी के अनुसार सभी बस-स्टेशनों पर आवश्यक अवस्थापना सुविधाओं को सुदृढ़ करने की व्यवस्था की गई है। बस स्टेशनों पर यात्रियों एवं कर्मचारियों के लिए कार्यस्थल पर शुद्ध पेयजल और स्वच्छ प्रसाधन का भी इन्तजाम किया गया है। पर्यावरण सुरक्षा के दृष्टिगत निगम द्वारा रिक्त पड़े स्थानों पर वृक्षारोपण की भी व्यवस्था की गई है, ताकि बस-स्टेशन भी हरियाली युक्त हो सके।

  समस्त बस स्टेशनों, कार्यशालाओं और कार्यालयों में साफ-सफाई का अभियान चलाकर परिसरों को स्वच्छ किया गया है। सभी डिपो शाखा स्तर पर कर्मचारियों विशेषकर चालकों/परिचालकों के साथ नियमित काउंसिलिंग की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही नियमित एवं संविदा कर्मचारियों की समस्याओं के निदान के लिए डिपो और क्षेत्र स्तर पर संवाद स्थापित कर समस्याओं का निराकरण किए जाने की कार्यवाही की जा रही है।