किसानों की फसलों के उपज का सही आँकलन कराएं अधिकारी : मंत्री
- प्रमुख फसलों के क्षेत्रफल एवं उपज का सही-सही आंकलन किये जाने हेतु सभी मण्डलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों को निर्देश जारी

 

- कृषकों की फसलों की क्षतिपूर्ति प्रदान करने हेतु फसलों के उपज के 

अनुमान का सही आंकलन जरूरी

 

लखनऊ, 20 अगस्त। उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने प्रदेश की प्रमुख फसलों के क्षेत्रफल एवं उपज का सही-सही आंकलन किये जाने के निर्देश दिये हैं। कृषि मंत्री के निर्देशों के क्रम में प्रमुख सचिव कृषि अमित मोहन प्रसाद द्वारा प्रदेश के सभी मण्डलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों को निर्देश जारी करते हुये कहा गया है कि राजस्व विभाग के लेखपालों के माध्यम से फसलों की पड़ताल सही-सही करायी जाये ताकि फसलों के क्षेत्रफल का आंकलन सही-सही हो सके।

प्रमुख सचिव, कृषि ने बताया कि जारी आदेशों में जनपदीय अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि जनपद स्तर पर फसलों के पड़ताल की अधिक से अधिक जांच करायी जाय तथा समय-समय पर इसकी समीक्षा भी की जाये। उन्होंने कहा कि फसलों की उपज के अनुमान के आधार पर प्रदेश में संचालित फसल बीमा योजना के अन्तर्गत बीमित कृषकों की फसलों की क्षति का आंकलन करते हुये क्षतिपूर्ति प्रदान की जाती है। इसलिए फसलों के उपज के अनुमान का सही आंकलन किया जाना अत्यन्त आवश्यक है।

श्री प्रसाद ने बताया कि प्रदेश तथा भारत सरकार द्वारा फसलों के आच्छादन, उत्पादन तथा उत्पादकता में वृद्धि हेतु कई महत्वाकांक्षी योजनायें चलायी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा तभी संभव हो सकेगी, जब फसलों के आच्छादन की सही-सही पड़ताल करते हुये क्षेत्रफल का आंकलन किया जाये तथा फसलों पर सही-सही कटाई प्रयोगों का सम्पादन कराते हुये उपज के सही अनुमान आंकलित किये जायें। उन्होंने कहा कि जनपदीय अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि फसलों की कटाई प्रयोगों के सही-सही सम्पादन हेतु अधिक संख्या में स्थलीय निरीक्षण सुनिश्चित कराया जाय, जिससे फसलों के क्षेत्रफल एवं उत्पादन का सही-सही आंकलन हो सके।