अपर मुख्य सचिव गृह ने प्लास्टिक प्रतिबन्ध पर 3 दिन में आख्या मांगी
- प्रतिबन्धित प्लास्टिक बेचने वाले व्यापारियों की सूची भी मांगी

 

-31 अगस्त के बाद प्लास्टिक बेचे जाने पर संयुक्त रूप से होगी सख्त कार्रवाई

लखनऊ, 13 अगस्त। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने यहां प्लास्टिक के प्रतिबन्ध की कम्प्लायन्स न करने के सम्बन्ध में लखनऊ के नगर आयुक्त, जिलाधिकारी/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, वाणिज्य कर के उपायुक्त/सहायक आयुक्त एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सचिव से 3 दिन में आख्या मांगी है। साथ ही, उन्होंने ऐसे व्यापारियों की सूची भी मांगी है, जो प्रतिबन्धित प्लास्टिक बेच रहे हैं। 
अपर मुख्य सचिव गृह ने जिलाधिकारी/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, लखनऊ को निर्देशित किया है कि सम्बन्धित व्यापार मण्डल को लिखित रूप से प्लास्टिक के प्रतिबन्ध से अवगत कराकर उनकी सहमति ले ली जाए कि इनके क्षेत्र में किसी भी सदस्य द्वारा प्रतिबन्धित प्लास्टिक नहीं बेचा जा रहा है। इसके अलावा, सम्बन्धित जनप्रतिनिधि को भी इस सूचना से अवगत कराया जाए। 
अपर मुख्य सचिव गृह ने कहा कि 31 अगस्त, 2019 के बाद यदि किसी भी क्षेत्र में प्रतिबन्धित प्लास्टिक बेचे जाने की सूचना मिली, तो सम्बन्धित थानाध्यक्ष, नगर निगम के क्षेत्रीय अधिकारी, वाणिज्य कर के क्षेत्रीय अधिकारी एवं सम्बन्धित क्षेत्र के मजिस्ट्रेट व क्षेत्राधिकारी को संयुक्त रूप से जिम्मेदार मानते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।