उप्र में प्रतिदिन कानून-व्यवस्था हो रही बदतर : ओंकार सिंह
 - उप्र में कानून-व्यवस्था गिरने का लगाया आरोप

 

लखनऊ, 17 फरवरी, टी.टी. संवाददाता। उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था दिन प्रतिदिन बद से बदतर होती जा रही है। लखनऊ में जिस प्रकार उत्तर प्रदेश पर्यटन निदेशालय में एक व्यक्ति ने महिला कर्मचारी के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगायी वह अपने आप में यह दर्शाता है कि किसी भी आदमी को कानून का भय नहीं रह गया है। 

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता ओंकार नाथ सिंह ने कहा कि जब पर्यटन भवन जैसे महत्वपूर्ण कार्यालय में यह घटना घटित हो सकती है तो प्रदेश में कही भी कुछ भी हो सकता है। पर्यटन कार्यालय के कर्मचारी इतने शिथिल हैं और सुरक्षा के प्रति इतने लापरवाह हैं वह इसे देखने से ही प्रतीत होता है। अब तो ऐसी स्थिति हो गयी है कि कोई व्यक्ति घर से बाहर निकले तो शाम को वापस घर सही सलामत आयेगा इसकी कोई गारन्टी नहीं है। कल ही दिनांक 15 फरवरी, 2019 को जिस प्रकार से महानगर में समाचार पत्र वितरक को गोली मारी गयी वह इसका जीता जागता उदाहरण है।

 

उन्होंने कहा कि यह इसलिए ऐसा हो रहा है कि जब कानून के रखवाले विधायक और उनके लोग जरा-जरा सी बात पर गोली चला देंगे तो कोई भी कुछ कर सकता है। 15 फरवरी को ही एक विधायक जी ने युवा कांंग्रेस कार्यकर्ताओं पर इसलिए गोली चला दी कि उनकी गाड़ी को उन कार्यकर्ताओं ने ओवरटेक कर दिया था। जब विधायक ही ऐसी गन्दी हरकत करेंगे तो निश्चिित रूप से साधारण लोगों का मन बढ़ेगा।

 

प्रदेश की स्थिति यह हो गयी है कि घर, कार्यालय, सड़क पर चलना और यहाॅं तक कि प्रातः कालीन समाचार-पत्रों का भी बटना और लोग उस पर सुरक्षित रह जायें, तो यह ईश्वर की कृपा है, प्रदेश सरकार की कोई जिम्मेदारी नहीं है, ऐसा लगता है कि इस प्रदेश का कोई रखवाला नहीं रह गया है, अगर सरकार ने इसको रोकने का कोई उपाय नहीं किया तो आश्चर्य नहीं कि प्रदेश में अराजकता की स्थिति उत्पन्न हो जाये।