सिपाही भर्ती-2018 के 41520 पदों पर परिणाम घोषित


सिपाही भर्ती-2018 के 41520 पदों पर भर्ती का परिणाम घोषित
-पुरूषों में शामली के विनय मलिक और महिलाओं में बागपत की प्रिंसी ने प्रथम रैंक हासिल की
-शीघ्र ही पुलिस वेरीफिकेशन व मेडिकल कराई जाएगी
लखनऊ, सं.। सिपाही भर्ती-2018 जनवरी माह का परिणाम रिकार्ड कम समय में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने सोमवर को रात्रि में जारी कर दिया। इसमें 23520 नागरिक पुलिस और 18000 पीएसी के सिपाही के पद शामिल हैं। पुरूषों में शामली के विनय मलिक ने प्रथम रैंक हासिल की, जबकि महिलाओं में बागपत की प्रिंसी ने पहली रैंक हासिल की है। भर्ती बोर्ड के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों का शीघ्र ही पुलिस वेरिफिकेशन कराया जाएगा और उनका मेडिकल कराने के बाद नियुक्ति पत्र देकर प्रशिक्षण के लिए बुलावा भेजा जाएगा।

रिकार्ड समय में हुई इस भर्ती में सबसे अधिक पश्चिमी उप्र के जवान चयनित हुए हैं, जिन जनपदों से सबसे अधिक अभ्यर्थी चयनित हुए हैं उसमें से टाप 13 जनपदों में 12 पश्चिमी उप्र के हैं। बुलंदशहर, मेरठ, बागपत जैसे जनपदों से सबसे अधिक अभ्यर्थी चुने गए, जबकि लखनऊ, बरेली, इटावा में चयनित अभ्यर्थियों की संख्या 500 से कम रही।
परिणाम जारी करने के बाद भर्ती बोर्ड के चेयरमैन राजकुमार विश्वकर्मा ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए बताया कि आरक्षी नागरिक पुलिस के चयनित 23520 अभ्यर्थियों में 11761 सामान्य वर्ग, 6350 अन्य पिछड़ा वर्ग, 4939 अनुसूचित जाति और 470 अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थी चयनित हुए हैं। इसमें जो महिलाएं चयनित हुई हैं उनमें 2352 सामान्य वर्ग की, 1270 अन्य पिछड़ा वर्ग, 987 अनुसूचित जाति और 94 अनुसूचित जनजाति की अभ्यर्थी शामिल हैं। इसी तरह पीएसी के 18000 पदों में से 9000 अनारक्षित, 4860 अन्य पिछड़ा वर्ग, 3780 अनुसूचित जाति और 360 अनुसूचित जन जाति के अभ्यर्थी चयनित हुए हैं।
पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार दूसरे प्रदेश के 1024 अभ्यर्थियों को उप्र में सिपाही की नौकरी मिली है। इसमें बिहार के सबसे अधिक 617, हरियाणा के 146, मप्र के 104, राजस्थान के 85, उत्तराखंड के 36, दिल्ली के 31, झारखंड के 4 और महाराष्ट्र का एक अभ्यर्थी शामिल है। ज्ञात हो कि सिपाही के 41520 पदों के लिए विज्ञापन 14 जनवरी 2018 को निकला था। इसके लिए 22,76,184 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।